Homeराजनीतिसमाजवादी लोहिया वाहिनी की बैठक में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर...

समाजवादी लोहिया वाहिनी की बैठक में अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कसा तंज, पीडीए संकल्प का लिया समर्थन

लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ :समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में समाजवादी लोहिया वाहिनी की राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने संबोधित किया। बैठक के दौरान लोहिया वाहिनी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को पीडीए संकल्प दिलाया गया।अखिलेश यादव ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की सारी सीमाएं टूट गई हैं। उन्होंने कहा, “हर विभाग और हर कार्य में भ्रष्टाचार और लूट है। कुछ लोगों के हाथों में सब कुछ दे दिया गया है, और अमीर और गरीब के बीच खाई इतनी बढ़ गई है कि पूरी दुनिया में कहीं नहीं है।” यादव ने भाजपा की “फूट डालो, राज करो” की नीति पर भी निशाना साधा और कहा कि यह सरकार समाज में नफरत और भेदभाव पैदा कर रही है।उन्होंने महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और समाज के विभिन्न वर्गों की परेशानियों का जिक्र किया। यादव ने कहा कि भाजपा ने देश और समाज के सामने गंभीर समस्याएं खड़ी कर दी हैं, और समाजवादी पार्टी का लक्ष्य इन समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए की लहर में भाजपा का कोई पता नहीं चलेगा। यादव ने आगे कहा, “समाजवादी पार्टी के पास युवाओं का मजबूत संगठन है। समाजवादियों ने जो भी मन बना लिया है, उसे सत्ता से हटा दिया है।”अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट में सुधार और वोट बढ़ाने का आह्वान किया और कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सौ फीसदी स्ट्राइक रेट के साथ परिणाम देने होंगे।पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने युवा वर्ग की समस्याओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “बेरोजगारी चरम पर है, नौकरियां घट रही हैं और निजीकरण बढ़ रहा है। युवाओं को योग्यता के अनुरूप काम नहीं मिल रहा है।” उन्होंने सरकार के आंकड़ों पर सवाल उठाया और कहा कि मुद्रा योजना की विफलता के बावजूद बेरोजगारी कम नहीं हुई।अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि समाजवादी युवा भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाएंगे और संविधान एवं आरक्षण की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, पूर्व नेता प्रतिपक्ष विधान परिषद संजय लाठर, पूर्व एमएलसी सुनील सिंह साजन, राष्ट्रीय सचिव अवलेश सिंह, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिषेक यादव, प्रदेश अध्यक्ष राम करन निर्मल समेत पार्टी के अन्य राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी भी उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular