लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ :समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि 2027 का विधानसभा चुनाव न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि देश की राजनीति को नई दिशा देने वाला साबित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावों में धांधली करती है, इसलिए उससे सावधान रहने की जरूरत है। पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना होगा, ताकि भाजपा का पूरी तरह सफाया किया जा सके।अखिलेश यादव सोमवार को लखनऊ स्थित सपा प्रदेश मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की शुरुआत में स्टैंडअप कॉमेडियन राजीव निगम की प्रस्तुति “बहुत हुआ सम्मान” को भी सराहा गया।अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी आगामी चुनावों में पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) की रणनीति के जरिए भाजपा को हराने का काम करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार पीडीए के साथ अन्याय और अत्याचार कर रही है। आरक्षण और संवैधानिक हक छीने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पीडीए महज एक राजनीतिक गठबंधन नहीं, बल्कि एक भावनात्मक एकजुटता है।अखिलेश यादव ने भाजपा को षड्यंत्रकारी पार्टी बताते हुए कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को वोटर लिस्ट को दुरुस्त कराने और नए-छूटे हुए वोटरों को जोड़ने के काम में पूरी जिम्मेदारी से लगना होगा। भाजपा की साजिशों को जनता के सामने उजागर करना है और हर बूथ को मज़बूत बनाना है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार, लूट और अराजकता चरम पर है। हर विभाग में जमकर रिश्वतखोरी हो रही है, ट्रांसफर-पोस्टिंग में खुलेआम उगाही चल रही है। उन्होंने कहा कि अब तो भ्रष्टाचार के पैसे को लेकर मंत्री और अधिकारी आपस में भिड़ने लगे हैं। लोकसभा चुनाव में जनता ने भाजपा को कड़ा सबक सिखाया है। अयोध्या की जनता ने भाजपा को हराकर उसकी सांप्रदायिक राजनीति को नकार दिया है। अब 2027 में जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया करेगी।इस कार्यक्रम में सपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद धर्मेन्द्र यादव, सांसद जावेद अली, पूर्व मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, विधायक नबाव इकबाल महमूद, रविदास मेहरोत्रा, संग्राम सिंह, आशु मलिक, पूर्व मंत्री अम्बिका चौधरी, योगेश प्रताप सिंह, डॉ. राजपाल कश्यप, रीबू श्रीवास्तव, फाखिर सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
2027 का चुनाव देश की राजनीति में लाएगा बड़ा बदलाव, भाजपा को हराने के लिए पीडीए रणनीति अपनाएगी सपा: अखिलेश यादव
RELATED ARTICLES