लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ : नगर निगम लखनऊ द्वारा पालतू कुत्तों के लाइसेंस चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाया गया। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर यह अभियान पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा के नेतृत्व में प्रातः 6:30 बजे से जोन-3 के सेक्टर एल, एम, एन, ओ सहित अन्य क्षेत्रों में चलाया गया।अभियान के दौरान प्रवर्तन दल और डॉग कैचिंग स्क्वॉड के साथ अधिकारी राजेश उपाध्याय, शिवेक, मनोज सिंह, रामकुमार और अभिनव भारती भी मौजूद रहे। नगर निगम की इस सख्ती का असर यह देखने को मिला कि कई लोग अपने पालतू कुत्तों को लेकर मौके से भागते नजर आए और कुछ ने टीम को प्रभावित करने का प्रयास भी किया। ऐसे सभी लोगों की पहचान कर ली गई है, जिनके खिलाफ नोटिस जारी किए जाएंगे और संबंधित थाना अध्यक्ष को इसकी प्रति आवश्यक कार्यवाही के लिए भेजी जाएगी।अभियान के दौरान चार लोगों से बिना लाइसेंस कुत्ते पालने पर कुल ₹20,000 का जुर्माना वसूला गया, जबकि मौके पर दो नए लाइसेंस भी बनाए गए। कुल ₹22,000 की राशि नगर निगम के खाते में जमा कराई गई। वहीं, बिना लाइसेंस पकड़े गए दो पोमेरियन और एक पुग कुत्ते को जुर्माना भरने के बाद छोड़ा गया।बारिश और अभियान की आशंका के कारण बड़ी संख्या में लोग अपने कुत्तों को टहलाने नहीं निकले, हालांकि कुछ लोग लाइसेंस और वैक्सीनेशन कार्ड के साथ नियमों का पालन करते हुए मिले।नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में पालतू कुत्तों की अनुमानित संख्या लगभग 10,000 है। पालतू कुत्तों के लिए लाइसेंस केवल रैबीज वैक्सीनेशन प्रमाणपत्र और श्वान नियंत्रण उपविधि 2003 के अंतर्गत शपथ पत्र जमा करने के बाद ही जारी किया जाता है। इच्छुक नागरिक नगर निगम की वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या किसी कार्यदिवस पर लालबाग स्थित पशु कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।लाइसेंस से जुड़ी जानकारी के लिए संपर्क सूत्र उपलब्ध कराए गए हैं: जयंत सिंह – 9511156792, अफसर अली – 9721095021।पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने पालतू कुत्ते पालने वालों से अपील की है कि वे अनिवार्य रूप से अपने कुत्तों का लाइसेंस बनवाएं, ताकि जुर्माने से बचा जा सके। साथ ही उन्होंने आग्रह किया कि कुत्ते को टहलाते समय माउथ गार्ड और स्कूप का प्रयोग अवश्य करें। नगर निगम का यह अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगा।
लखनऊ में नगर निगम का पालतू कुत्तों पर सख्त रुख, बिना लाइसेंस वालों से वसूले गए जुर्माने
RELATED ARTICLES


