लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ :उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भारतीय नौसेना की वीरगाथा, पराक्रम और गौरव को समर्पित एक भव्य नौसेना शौर्य संग्रहालय की स्थापना की जा रही है। इकाना स्टेडियम के निकट विकसित हो रहा यह संग्रहालय न केवल पर्यटकों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी होगा। इस परियोजना की जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी।मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि यह संग्रहालय भारतीय नौसेना के ऐतिहासिक युद्ध अभियानों, तकनीकी विकास और वीरता की मिसालों को आधुनिक तकनीक और संग्रहणीय धरोहरों के माध्यम से प्रस्तुत करेगा। उन्होंने कहा, “लखनऊ में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की एक लंबी श्रृंखला है, अब यह नौसेना संग्रहालय पर्यटन मानचित्र पर राजधानी को एक नई पहचान देगा।”संग्रहालय में INS गोमती से हटाए गए समस्त उपकरण, नौसेना के रिटायर्ड युद्धपोत, सी-किंग हेलीकॉप्टर, सी-हैरियर वायुयान, मिसाइल, टारपीडो, कैनन और अन्य नौसैनिक उपकरण प्रदर्शित किए जाएंगे। यह देश का पहला संग्रहालय होगा जहां युद्धपोतों और जलयानों का स्थायी संग्रह एक स्थान पर देखने को मिलेगा।संग्रहालय को वर्चुअल रियलिटी (VR) और ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) तकनीक से सज्जित किया जाएगा ताकि दर्शक नौसैनिक अभियानों और समुद्री युद्धों का अनुभव जीवंत रूप में कर सकें। साथ ही यहां थीम आधारित जोन विकसित किए जा रहे हैं, जहां प्रत्येक क्षेत्र एक विशिष्ट नौसैनिक युग या युद्ध रणनीति को समर्पित होगा। जयवीर सिंह ने बताया कि संग्रहालय शोधकर्ताओं, इतिहासकारों और छात्रों के लिए भी उपयोगी होगा। उन्हें नौसेना से जुड़े दुर्लभ दस्तावेजों और सामग्रियों तक सीधी पहुंच दी जाएगी, जिससे समुद्री इतिहास के अध्ययन को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही विशेषज्ञों द्वारा कार्यशालाएं और व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे, जिनमें नौसेना की रणनीति, अभियानों और पर्यावरणीय प्रभावों पर विस्तार से चर्चा होगी।बच्चों के लिए भी संग्रहालय को एक शिक्षाप्रद स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इंटरएक्टिव इंस्टॉलेशनों के माध्यम से बच्चों को खेल और अन्वेषण के जरिए सीखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी जिज्ञासा और समझ दोनों का विकास होगा। परिवारों के साथ आने वाले बच्चों के लिए यह एक संवादात्मक और आनंददायक अनुभव होगा।इसके अतिरिक्त संग्रहालय परिसर में एक विशेष स्मृति उद्यान भी विकसित किया जा रहा है, जहां वीरगति को प्राप्त सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। यह शांत, प्राकृतिक वातावरण में बना स्मरण स्थल आगंतुकों को आत्मबलिदान की भावना से जोड़ने का कार्य करेगा।पर्यटन विभाग और भारतीय नौसेना के संयुक्त प्रयास से बनने वाला यह संग्रहालय लखनऊ को न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी गौरव दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
लखनऊ में स्थापित होगा नौसेना शौर्य संग्रहालय, INS गोमती से लेकर सी-हैरियर तक होंगे प्रदर्शित
RELATED ARTICLES