मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में एक मामूली झगड़े ने अचानक खतरनाक रूप ले लिया। दो लोगों के बीच चल रही कहासुनी के दौरान एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू फेंक दिया, लेकिन निशाना चूक गया और चाकू वहां मौजूद एक निर्दोष यात्री को जा लगा। इस घटना के बाद ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों ने तुरंत आपातकालीन चेन खींचकर ट्रेन रुकवा दी। गनीमत रही कि घायल यात्री की हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह घटना रविवार को विरार से चर्चगेट जा रही फास्ट लोकल ट्रेन में हुई। घायल यात्री की पहचान 53 वर्षीय सुरेश शर्मा के रूप में हुई है, जो सायन इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस को दिए गए बयान में सुरेश शर्मा ने बताया कि जब ट्रेन अंधेरी स्टेशन से रवाना हो रही थी, उसी दौरान दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया।
देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान उनमें से एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू फेंक दिया। लेकिन चाकू अपने निशाने पर नहीं लगा और सीधे सुरेश शर्मा को जा लगा। अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच दहशत फैल गई। किसी को समझ नहीं आया कि आखिर चलती ट्रेन में यह सब कैसे हो गया।
घटना के तुरंत बाद यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए आपातकालीन चेन खींच दी। इसके चलते ट्रेन को बांद्रा स्टेशन पर रोकना पड़ा। घायल सुरेश शर्मा को स्टेशन मास्टर के कार्यालय ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए भाभा अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और चाकू फेंकने के आरोपी की पहचान 25 वर्षीय शिवा गायकवाड़ के रूप में की। पुलिस ने उसे पकड़ लिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी का विवाद दूसरे व्यक्ति के साथ हुआ था, लेकिन इस झगड़े का खामियाजा एक निर्दोष यात्री को भुगतना पड़ा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और झगड़े की असली वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर मुंबई लोकल में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोजाना लाखों लोग लोकल ट्रेनों से सफर करते हैं। ऐसे में चलती ट्रेन के भीतर इस तरह की हिंसक घटनाएं यात्रियों के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं।
![]()

