अंतरराष्ट्रीय संगीत प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मशहूर अमेरिकी गायक और गीतकार चार्ली पुथ पहली बार भारत में लाइव प्रस्तुति देने जा रहे हैं। खास बात यह है कि उनके साथ ब्रिटिश गायिका एली गोल्डिंग भी मंच साझा करेंगी। दोनों अंतरराष्ट्रीय सितारे 13 फरवरी 2027 को मुंबई में आयोजित होने वाले पहले जॉनी एंड कंपनी फेस्टिवल में अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगे।
यह एक दिवसीय संगीत समारोह मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर संगीत प्रेमियों में अभी से उत्साह देखने को मिल रहा है। चार्ली पुथ और एली गोल्डिंग के अलावा कई भारतीय कलाकार भी इस मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें कायन, ताबा चाके, माली और गिनी जैसे नाम शामिल हैं। आयोजकों की ओर से आने वाले दिनों में कुछ और कलाकारों के नामों की घोषणा किए जाने की उम्मीद है।
चार्ली पुथ के लिए यह भारत में पहला लाइव कार्यक्रम होगा। उनके प्रशंसक लंबे समय से उन्हें भारतीय मंच पर देखने का इंतजार कर रहे हैं। अपने पहले भारतीय कार्यक्रम को लेकर चार्ली पुथ ने भी खुशी जाहिर की है। उनका कहना है कि उन्होंने भारतीय प्रशंसकों के उत्साह और ऊर्जा के बारे में काफी कुछ सुना है और अब पहली बार यहां प्रस्तुति देने के लिए बेहद उत्साहित हैं।
चार्ली पुथ ने कहा कि संगीत हमेशा से लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का माध्यम रहा है। वह मुंबई में अपने प्रशंसकों के साथ इस अनुभव को साझा करने और अपने कुछ पसंदीदा गाने लाइव सुनाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
वहीं, एली गोल्डिंग की मौजूदगी इस संगीत समारोह को और खास बनाने वाली है। दोनों अंतरराष्ट्रीय कलाकारों के साथ भारतीय संगीत प्रतिभाओं को भी एक ही मंच पर देखने का अवसर मिलेगा। ऐसे में यह आयोजन भारतीय और अंतरराष्ट्रीय संगीत का शानदार संगम बनने जा रहा है।
अब देखना होगा कि 13 फरवरी 2027 को मुंबई में होने वाला यह पहला जॉनी एंड कंपनी फेस्टिवल संगीत प्रेमियों के लिए कितना यादगार साबित होता है।
![]()

