महाराष्ट्र के नागपुर में हुई 3.74 करोड़ रुपये की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस वारदात में लूटी गई नकदी के तार मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंच गए हैं। नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर बालाघाट के डोरली गांव में एक खेत से नकदी से भरी तीन बोरियां बरामद की हैं। बताया जा रहा है कि इन बोरियों में लूट की रकम रखी गई थी।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी शुभम को लेकर बालाघाट के डोरली गांव पहुंची। पुलिस आरोपी को उस खेत में ले गई, जहां उसने लूट की रकम छिपाने की जानकारी दी थी। इसके बाद खेत में पैरे के ढेर के नीचे तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान वहां छिपाकर रखी गई तीन बोरियां बरामद हुईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इन बोरियों में 3.74 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी रखी गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी शुभम ने करीब चार दिन पहले लूट की रकम को तीन अलग-अलग बोरियों में भरा था। इसके बाद उसने अपने जीजा अरविंद डहरवाल के खेत में पैरे के ढेर के नीचे इन बोरियों को छिपा दिया था। बताया जा रहा है कि अरविंद ने खेत में नकदी छिपाने के लिए जगह उपलब्ध कराने में सहयोग किया था।
मंगलवार को पुलिस टीम आरोपी को लेकर दोबारा घटनास्थल पर पहुंची और उसकी निशानदेही पर नकदी बरामद कर ली। इस बरामदगी के बाद अब पुलिस लूट की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
नागपुर में हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई करोड़ों रुपये की इस लूट ने पहले ही इलाके में सनसनी फैला दी थी। अब मध्य प्रदेश के बालाघाट में खेत के भीतर पैरे के नीचे छिपाई गई नकदी मिलने से मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस बरामद रकम की गिनती और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के साथ आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
![]()

