बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करेंगे, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11:30 बजे पटना में नामांकन की प्रक्रिया पूरी होगी।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि राज्यसभा जाने के बाद नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं, जिससे बिहार में नया मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार इस राजनीतिक घटनाक्रम के बीच नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार भी जदयू में शामिल हो सकते हैं और उन्हें उपमुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
पिछले करीब 20 वर्षों से बिहार की राजनीति में नीतीश कुमार मुख्यमंत्री के रूप में केंद्र में रहे हैं, लेकिन अगर वे राज्यसभा जाते हैं तो यह उनके राजनीतिक करियर का एक बड़ा मोड़ होगा।
इसी बीच भारतीय जनता पार्टी ने भी आगामी राज्यसभा द्विवार्षिक चुनावों के लिए कई राज्यों से उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। बिहार से भाजपा ने नितिन नबीन और शिवेश कुमार को उम्मीदवार बनाया है।
निर्वाचन आयोग के अनुसार राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान 16 मार्च को होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी और पूरी प्रक्रिया 20 मार्च तक पूरी कर ली जाएगी।
![]()

