लखनऊ, 7 मार्च 2026।
जनपद लखनऊ की सभी पांच तहसीलों में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। प्रशासन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनता की समस्याओं को सुना गया और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मलिहाबाद तहसील में जिलाधिकारी ने सुनी जनसमस्याएं
तहसील मलिहाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 28 मामलों का निस्तारण मौके पर ही विभिन्न विभागीय टीमों द्वारा कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्देश दिया गया कि उनका समाधान एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान करना शासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रत्येक तहसील में नियमित रूप से सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाता है।
जिले की पांचों तहसीलों में 370 शिकायतें दर्ज
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान लखनऊ की पांचों तहसीलों में कुल 370 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 67 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
तहसीलवार स्थिति इस प्रकार रही—
- तहसील सदर: 35 में से 4 मामलों का निस्तारण
- तहसील मलिहाबाद: 90 में से 28 मामलों का निस्तारण
- तहसील बीकेटी: 55 में से 9 मामलों का निस्तारण
- तहसील मोहनलालगंज: 133 में से 21 मामलों का निस्तारण
- तहसील सरोजनीनगर: 57 में से 5 मामलों का निस्तारण
शेष मामलों को संबंधित विभागों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देशों के साथ भेज दिया गया।
किन विभागों से आईं सबसे अधिक शिकायतें
समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें प्रमुख रूप से राजस्व और पुलिस विभाग के मामले शामिल रहे।
- पुलिस – 61
- राजस्व – 187
- राजस्व एवं पुलिस संयुक्त – 5
- विकास – 27
- शिक्षा – 3
- स्वास्थ्य – 3
- समाज कल्याण – 12
- नगर निगम – 1
- अन्य – 71
एक सप्ताह में निस्तारण के सख्त निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण विधिक प्रक्रिया का पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। साथ ही सभी मामलों की फोटो और वीडियो सहित रिपोर्ट उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण के बाद अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ताओं को फोन कर फीडबैक लेना सुनिश्चित करें, ताकि समाधान की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारी रहे मौजूद
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी अजय जैन, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह, उप जिलाधिकारी मलिहाबाद अंकित कुमार, तहसीलदार मलिहाबाद सहित पुलिस, समाज कल्याण एवं अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()

