पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच भी इजरायल ने भारत के साथ अपनी रक्षा साझेदारी जारी रखी है। भारत को इजरायल की प्रसिद्ध Negev Light Machine Gun की पहली खेप मिल चुकी है। यह डील Make in India पहल के तहत की गई है, जिसके तहत इन हथियारों का निर्माण भारत में ही किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार भारत ने कुल 41,000 नेगेव 7.62×51 LMG का ऑर्डर दिया है, जिसमें से पहली खेप भारतीय सेना को मिल चुकी है और आने वाले समय में हजारों और गन सेना को दी जाएंगी। भारतीय सेना लंबे समय से अपनी पुरानी मशीन गनों को बदलना चाहती थी, जिसके बाद यह डील की गई।
नेगेव मशीन गन की खास बात यह है कि यह 7.62mm कैटेगरी की दुनिया की सबसे हल्की मशीन गनों में से एक मानी जाती है, लेकिन इसकी फायरपावर बेहद ज्यादा है। यह गन सेमी-ऑटोमैटिक और फुली-ऑटोमैटिक दोनों मोड में काम करती है और प्रति मिनट सैकड़ों राउंड फायर कर सकती है।
इसमें नाइट फाइटिंग के लिए ट्रिटियम नाइट साइट्स लगे होते हैं, जिससे सैनिक अंधेरे में भी बिना बैटरी के निशाना लगा सकते हैं। यही कारण है कि पहाड़ी और बॉर्डर इलाकों के लिए यह गन बेहद उपयोगी मानी जाती है।
यह प्रोजेक्ट भारत की कंपनी Adani Group और इजरायल की कंपनी Israel Weapon Industries के जॉइंट वेंचर के तहत बनाया जा रहा है। इसे भारत में छोटे हथियार निर्माण के क्षेत्र में बड़ा कदम माना जा रहा है।
इसके साथ ही भारत को इजरायल से AESA Radar सिस्टम की सप्लाई भी जारी है, जो भारतीय वायुसेना की ताकत को और बढ़ाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह डिफेंस डील केवल हथियार खरीद नहीं बल्कि टेक्नोलॉजी ट्रांसफर और भारत में रक्षा निर्माण को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है।
![]()

