महाराष्ट्र के नासिक के विवादित ज्योतिषी अशोक खरात की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। यौन शोषण के आरोपों में पहले से पुलिस हिरासत में बंद अशोक खरात अब एक पुराने आत्महत्या मामले में भी घिर गए हैं। पुलिस ने 2022 के आत्महत्या मामले की जांच फिर से शुरू करने का फैसला किया है।
जानकारी के अनुसार 2022 में शिरडी में विकास रामदास दिवाते नाम के व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली थी। बताया जाता है कि उन्होंने मरने से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा था, जिसमें उन्होंने अपनी मौत के लिए अशोक खरात और अपने ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया था।
मृतक के परिवार का आरोप है कि सुसाइड नोट में नाम होने के बावजूद बाद में चार्जशीट से अशोक खरात का नाम हटा दिया गया और उन्हें क्लीन चिट दे दी गई। अब पुलिस इस पूरे मामले की फिर से जांच करेगी और आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों की जांच की जाएगी।
गौरतलब है कि अशोक खरात को 17 मार्च को एक महिला की शिकायत के बाद गिरफ्तार किया गया था, जिसमें उन पर कई सालों तक यौन शोषण करने का आरोप लगाया गया था। जांच के दौरान पुलिस को कई आपत्तिजनक वीडियो भी मिले थे।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई व्यक्ति इस मामले से जुड़ी जानकारी या शिकायत रखना चाहता है, तो वह सामने आ सकता है। इस मामले के फिर से खुलने के बाद अशोक खरात की कानूनी मुश्किलें और बढ़ सकती हैं।
![]()

