Homeराज्यउत्तर प्रदेशपूरे प्रदेश में रामभक्ति का उत्सव, श्रीराम नवमी तक मंदिरों में गूंजेगी...

पूरे प्रदेश में रामभक्ति का उत्सव, श्रीराम नवमी तक मंदिरों में गूंजेगी रामायण की अखंड धारा

लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ :चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश रामभक्ति में सराबोर हो गया है। अष्टमी तिथि से प्रदेश के सभी 75 जिलों में श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ, सुंदरकांड, देवी भजन और अन्य धार्मिक अनुष्ठानों की दिव्य धारा प्रवाहित हो रही है, जो 6 अप्रैल को श्रीराम नवमी के दिन श्रीरामलला के सूर्य तिलक के साथ पूर्णाहुति के रूप में संपन्न होगी।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश भर के राम मंदिरों, हनुमान मंदिरों, देवी मंदिरों, वाल्मीकि मंदिरों और शक्तिपीठों में विशेष पूजा-अर्चना, रामायण पाठ और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र और श्रीराम नवमी के पावन संयोग पर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है और मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।संस्कृति विभाग की पहल पर प्रदेश के हर जिले में समितियों का गठन कर स्थानीय भजन मंडलियों और लोक कलाकारों की प्रस्तुति सुनिश्चित की गई है। राज्य सरकार द्वारा चयनित कलाकारों को ₹5000 का मानदेय और कार्यक्रम की व्यवस्था हेतु अतिरिक्त ₹5000 की सहायता भी दी जा रही है।राजधानी लखनऊ में धार्मिक आयोजन विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। भुयन देवी मंदिर आलमबाग, भूतनाथ मंदिर इंदिरानगर, मां चंद्रिकादेवी मंदिर बक्शी का तालाब, मां दुर्गा मंदिर रकाबगंज, मां शीतला देवी मंदिर मेहंदीगंज, संतोषी माता मंदिर चौक, हनुमंत धाम क्लार्क अवध, मौनी बाबा मंदिर चंदर नगर, मां संदोहन मंदिर चौपटिया समेत अनेक प्रमुख मंदिरों में अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड पाठ और देवी भजन की रसधारा बह रही है।पर्यटन मंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक सांस्कृतिक जागरण है, जिसमें श्रद्धा, लोक परंपरा और सामाजिक समरसता का अद्भुत समावेश है। रामनवमी के पावन पर्व पर प्रदेश का प्रत्येक कोना प्रभु श्रीराम की आराधना में मग्न है, और यह आयोजन जनमानस को आत्मिक ऊर्जा एवं सांस्कृतिक गौरव की अनुभूति प्रदान कर रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular