Homeराजनीतिअखिलेश यादव बोले—समाजवादी सरकार बनी तो सामाजिक न्याय का राज कायम होगा,...

अखिलेश यादव बोले—समाजवादी सरकार बनी तो सामाजिक न्याय का राज कायम होगा, भाजपा संविधान विरोधी पार्टी है

लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ :समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सामाजिक न्याय का राज स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की बहाली और आर्थिक असमानता को दूर करना आज के समय की सबसे बड़ी चुनौती है, और समाजवादी पार्टी इस दिशा में लगातार संघर्ष कर रही है। उनका कहना था कि आने वाले समय में प्रदेश में समाजवादी सरकार बनेगी, जो सामाजिक न्याय के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ेगी।अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश को जो संविधान दिया, उसकी प्रस्तावना में ही समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता और लोकतंत्र का स्पष्ट उल्लेख है। नेताजी मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी विचारधारा और आंदोलन की जो विरासत सौंपी है, उसे आगे ले जाना अब युवाओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह समाजवादी आंदोलन आने वाले कई सौ वर्षों तक चलता रहना चाहिए।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 2012 से 2017 तक समाजवादी सरकार ने प्रदेश के बुनियादी ढांचे को सशक्त किया। उस दौरान रिकॉर्ड समय में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण हुआ, जिसे 23 महीनों में तैयार किया गया। यह छह लेन का एक्सप्रेस-वे है, जिसे आठ लेन में बदला जा सकता है। यह देश का पहला ऐसा एक्सप्रेस-वे था, जिस पर सेना के लड़ाकू विमानों की आपात लैंडिंग के लिए हवाई पट्टी बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि इसका उद्घाटन नेताजी से कराया गया था और उस मौके पर सुखोई और मिराज जैसे उन्नत विमान उतारे गए थे। बाद में हरक्यूलिस विमान की भी लैंडिंग कराई गई थी। समाजवादी सरकार में ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की रूपरेखा बनी, डिज़ाइन तैयार हुआ और जमीन की खरीद हुई। उस पर भी हवाई पट्टी बनाई गई, जिसका लाभ यह हुआ कि प्रधानमंत्री स्वयं पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हरक्यूलिस विमान से उतरे।अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह एक्सप्रेस-वे के नाम पर केवल प्रचार कर रही है, जबकि गुणवत्ता से समझौता कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जो एक्सप्रेस-वे बना रही है, उन पर चलने से पेट दर्द होने लगता है। बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन होते ही उसका रखरखाव शुरू हो गया था। भाजपा सरकार ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को एक इंच भी आगे नहीं बढ़ाया। अगर उसे बलिया से जोड़ दिया गया होता, तो वह बिहार तक पहुंचता और उत्तर प्रदेश को दुनिया का सबसे लंबा एक्सप्रेस-वे मिल जाता।उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार के समय प्रदेश में बच्चों को लैपटॉप बांटे गए, जो आज भी चल रहे हैं। लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा और ग्रेटर नोएडा में मेट्रो परियोजनाएं दी गईं। वर्तमान सरकार ने मेट्रो विस्तार पर कोई काम नहीं किया, यहां तक कि वाराणसी और गोरखपुर में भी मेट्रो नहीं दी गई।भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी उपलब्धि पकौड़ा और भगोड़ा है। युवाओं को रोजगार की जगह पकौड़ा तलने की सलाह दी गई, और कई उद्योगपति जनता का पैसा लेकर विदेश भाग गए। स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। शाहजहांपुर, जौनपुर और आजमगढ़ समेत कई मेडिकल कॉलेजों में न स्टाफ है, न सुविधाएं। राजधानी लखनऊ के केजीएमयू और डॉ. राममनोहर लोहिया संस्थान की हालत भी दयनीय है। ट्रॉमा सेंटरों में दलाल घूमते हैं और गरीबों को इलाज नहीं मिल पा रहा है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान के अनुसार नहीं चल रही है। जिन लोगों ने गोली मारने या धमकी देने की बातें कहीं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई क्योंकि वे भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब वे मंदिर गए तो उसे गंगाजल से धुलवाया गया, क्या संविधान में इसकी अनुमति है? यही कारण है कि उत्तर प्रदेश फर्जी मुठभेड़ों और हिरासत में मौतों के मामलों में देश में नंबर वन बन गया है। भाजपा सरकार विरोधियों, मुसलमानों और अब जैन समाज को भी निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि मुंबई में जैन मंदिर तोड़ा गया, मध्य प्रदेश में हमला हुआ और जमीनों पर अवैध कब्जे किए जा रहे हैं।अखिलेश यादव ने भाजपा पर परिवारवाद के आरोपों को हास्यास्पद बताया और कहा कि जो पार्टी ‘वन नेशन वन इलेक्शन’ की बात करती है, वह अपना अध्यक्ष तक नहीं चुन पा रही है। भाजपा में खुद सबसे ज्यादा परिवारवाद है, लेकिन दूसरों को बदनाम करने के लिए हर स्तर पर झूठ फैलाया जाता है। उन्होंने भाजपा को जातिवादी पार्टी बताते हुए कहा कि वहां अधिकारियों, कुलपतियों और डीजीपी की नियुक्ति भी जाति के आधार पर होती है। समाजवादी पार्टी सबको साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। हम पीडीए—पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों—के अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लड़ते रहेंगे।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भूमाफिया पार्टी है जिसकी नजर लोगों की जमीनों पर है। भाजपा नाम बदलने की राजनीति करती है लेकिन विकास कार्य रोक देती है। कार्यक्रम के दौरान एक व्यक्ति द्वारा बाधा उत्पन्न करने पर अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग जानबूझकर कार्यक्रमों में अव्यवस्था फैलाते हैं, यही उनका असली चरित्र है।

RELATED ARTICLES

Most Popular