HomeFeatured Postविश्व पर्यावरण दिवस, गंगा दशहरा और मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर लखनऊ में...

विश्व पर्यावरण दिवस, गंगा दशहरा और मुख्यमंत्री के जन्मदिवस पर लखनऊ में चला विशेष स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान

लाइव सायकम न्यूज,लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस, गंगा दशहरा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के शुभ अवसर पर नगर निगम लखनऊ द्वारा गुरुवार को गोमती नदी के छठ घाट, लक्ष्मण मेला मैदान पर विशेष जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ गोमती घाट की सफाई कर किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनसहभागिता की अपील की।कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने कहा कि पर्यावरण की रक्षा हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने प्लास्टिक का प्रयोग न करने, जल, वायु, आकाश, पृथ्वी और अग्नि—इन पंचतत्वों के संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधरोपण कर पौधरोपण को जनांदोलन बनाने का संदेश दिया गया।मंत्री शर्मा ने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय पर्यावरण दिवस की थीम ‘प्लास्टिक प्रदूषण का अंत’ है, जो आज के वैश्विक संकट की ओर इशारा करता है। प्लास्टिक न केवल मनुष्य बल्कि जलीय जीवों और पशुओं के लिए भी बड़ा खतरा बन चुका है। उन्होंने ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों की चर्चा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हरित ऊर्जा और सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि अयोध्या में अब 30 प्रतिशत ऊर्जा की जरूरत सौर ऊर्जा से पूरी की जा रही है और उसे मॉडल सोलर सिटी के रूप में विकसित किया गया है।मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की अगुवाई में स्वच्छ भारत अभियान ने भारतीय संस्कृति को फिर से गौरवपूर्ण दिशा दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जीवनशैली पर्यावरण के अनुकूल रही है, लेकिन मुगल और अंग्रेजी शासन के दौरान इसका ह्रास हुआ। अब एक बार फिर लोग स्वच्छता और पर्यावरण की ओर जागरूक हो रहे हैं। मंत्री ने गोमती घाटों पर पूजा सामग्री के जलप्रवाह को रोकने के लिए नगर आयुक्त को घाटों पर जाल लगाने के निर्देश भी दिए।गंगा दशहरा के अवसर पर उन्होंने गंगा नदी को प्रदेश की जीवनदायिनी और सनातन संस्कृति की पवित्र धारा बताते हुए कहा कि यह पर्व गंगा के पृथ्वी पर अवतरण का प्रतीक है।कार्यक्रम में लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने बट वृक्ष का पौधरोपण किया और गोमती नदी की सफाई को नगर निगम की प्राथमिकता बताया। उन्होंने कहा कि जलकुंभी जैसी समस्याएं जलीय जीवन के लिए घातक हैं, इसलिए नगर निगम निरंतर गोमती की सफाई करेगा। सफाई कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि आज नगरों में पहले जैसी गंदगी नहीं है, और नगर निगम की टीम सुबह 5 बजे से सफाई में जुट जाती है।लखनऊ नगर निगम ने इस दिन विशेष सफाई अभियान के अंतर्गत गोमती बैराज से लेकर गुलाला घाट तक करीब 8 किलोमीटर क्षेत्र में सफाई की। इस कार्य को 8 क्लस्टरों में बांटकर व्यवस्थित रूप से पूरा किया गया। इस अभियान से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का मजबूत संदेश गया।नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके दीर्घायु होने की कामना की। उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्यावरण दिवस और गंगा दशहरा की हार्दिक बधाई देते हुए पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया।इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त, नगर आयुक्त, कई पार्षद, नगर निगम के अधिकारी, सफाई कर्मचारी, पर्यावरण प्रेमी और स्थानीय नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।

RELATED ARTICLES

Most Popular