Homeराज्यउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने गढ़मुक्तेश्वर के विकास के लिए 19.50 करोड़...

उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने गढ़मुक्तेश्वर के विकास के लिए 19.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए

लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ :जनपद हापुड़ के गढ़मुक्तेश्वर और आस-पास के क्षेत्रों की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को आधुनिक स्वरूप देने के लिए उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने 19.50 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं के तहत न केवल तीर्थस्थलों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा, बल्कि आधुनिक पर्यटक सुविधाओं का विकास भी होगा। इसका लक्ष्य देशी-विदेशी पर्यटकों को आकर्षित कर स्थानीय रोजगार के अवसर सृजित करना है।प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर गंगा के किनारे स्थित एक पौराणिक एवं धार्मिक स्थल है, जो श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। यहां मुक्तेश्वर महादेव मंदिर स्थित है, जिसे मनोकामनाओं की पूर्ति वाला माना जाता है। हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर यहां पांच हजार वर्षों से चलने वाला ऐतिहासिक मेला आयोजित होता है।परियोजनाओं में ब्रजघाट के पुनर्विकास का भी उल्लेख है, जहां वॉटर लेजर शो, वेंडिंग जोन, फूड प्लाजा और सामुदायिक सुविधाएं स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा, नक्का कुआं, कल्याणेश्वर महादेव मंदिर और पंचायत मंदिर जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का भी पर्यटन विकास किया जाएगा।मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि गढ़मुक्तेश्वर के आसपास ग्रामीण होमस्टे विकसित किए गए हैं, जिनमें पूठ पुष्पावती गांव शामिल है। यह प्राचीन गांव महाभारत कालीन धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा है और यहां के शिव मंदिर, शांत घाट व शंकर टीला आध्यात्मिक महत्व रखते हैं।स्थानीय समुदाय की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए आतिथ्य, स्टोरीटेलिंग, फूड सेफ्टी और गाइडिंग के क्षेत्रों में प्रशिक्षण भी दिया गया है। हाल ही में अगरबत्ती एवं धूपबत्ती निर्माण की कार्यशाला आयोजित कर पर्यावरण अनुकूल उत्पाद बनाने की विधि सिखाई गई, जिससे स्थानीय लोगों को आर्थिक सशक्तिकरण का अवसर मिला।जयवीर सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के निकट होने के कारण यह क्षेत्र अब वीकेंड डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से उभर रहा है, जहां दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोग आध्यात्मिक शांति के साथ ग्रामीण जीवन और संस्कृति का अनुभव कर सकते हैं

RELATED ARTICLES

Most Popular