Homeराजनीतिउत्तर प्रदेश हत्या प्रदेश बन गया है, कानून व्यवस्था ध्वस्त: अखिलेश यादव

उत्तर प्रदेश हत्या प्रदेश बन गया है, कानून व्यवस्था ध्वस्त: अखिलेश यादव

लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ :समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश में बढ़ते अपराध को लेकर भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे बेखौफ होकर हत्याएं कर रहे हैं। राजधानी लखनऊ से लेकर पूर्वांचल के जिलों तक अपराधियों ने आतंक फैला रखा है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तर प्रदेश को “हत्या प्रदेश” बना दिया है। कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी बदहाल हो चुकी है कि अब राजधानी लखनऊ तक सुरक्षित नहीं रही। सोमवार को गोमती नगर क्षेत्र में होटल कर्मचारी और सुल्तानपुर निवासी दिवाकर यादव की दिनदहाड़े दबंगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसी दिन चंदौली में एक जिम संचालक अरविंद यादव की रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रतापगढ़ के पट्टी तहसील में बैनामा कराने आए दो भाइयों अरुण तिवारी और आदित्य तिवारी पर अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, संतकबीरनगर के करैली गांव में ग्राम प्रधान के बेटे को हमलावरों ने दौड़ाकर गोली मार दी।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटनाएं कोई अपवाद नहीं हैं, बल्कि यह भाजपा शासन में पनपी अराजकता का परिचायक हैं। आज प्रदेश में महिलाएं और बेटियां भी सुरक्षित नहीं हैं। महिला अपराधों में उत्तर प्रदेश देश में सबसे ऊपर पहुंच चुका है। रोज़ कहीं न कहीं बलात्कार, छेड़छाड़ और अत्याचार की खबरें आ रही हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अराजकता, गुण्डई और बदमाशी अपने चरम पर है। कहीं फौजियों को पीटा जा रहा है, तो कहीं आम नागरिकों को अपमानित किया जा रहा है। पुलिस प्रशासन को भाजपा ने अपने राजनीतिक हितों का उपकरण बना लिया है। पुलिस से जनविरोधी कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे जनता का कानून पर से भरोसा उठता जा रहा है।
अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है और कानून का डर खत्म हो गया है। इस स्थिति का सबसे बड़ा खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता भाजपा को सत्ता से हटाकर कानून और संविधान के राज की पुनः स्थापना करेगी।समाजवादी पार्टी प्रमुख ने दो टूक कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है। जनता अन्याय, अत्याचार और अराजकता को और अधिक सहन नहीं करेगी। समाजवादी पार्टी का संकल्प है कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज, महिला सुरक्षा और आम जनता की गरिमा की रक्षा की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular