उत्तर प्रदेश पुलिस में 32 हजार से अधिक पदों पर होने वाली कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड यानी UPPRPB ने एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं और अभ्यर्थियों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी साझा किए हैं।
यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा 8 जून से 10 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो शिफ्टों में होगी। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित होगी।
परीक्षा OMR आधारित पेन और पेपर मोड में होगी। प्रश्न पत्र हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध रहेगा।
अभ्यर्थी अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। यदि एडमिट कार्ड डाउनलोड करने में कोई समस्या आती है तो हेल्पलाइन नंबर 08064526226 या ईमेल helpdeskupcons2025@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।
अब बात करते हैं परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के समय की। पहली शिफ्ट के उम्मीदवारों को सुबह 8 बजे से 9:30 बजे के बीच परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। वहीं दूसरी शिफ्ट के अभ्यर्थियों को दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक रिपोर्ट करना होगा।
जिन उम्मीदवारों का आधार सत्यापन लंबित है या आवेदन में आधार संख्या दर्ज नहीं है, उन्हें निर्धारित समय से आधा घंटा पहले पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए 12 अंकों वाला आधार कार्ड साथ ले जाना अनिवार्य होगा। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के समय आधार संख्या दर्ज नहीं की थी, उन्हें आधार कार्ड के साथ पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध फोटो पहचान पत्र भी साथ रखना होगा।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड जारी होने के बाद परीक्षा केंद्र में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थियों को उसी केंद्र पर परीक्षा देनी होगी जो प्रवेश पत्र में आवंटित किया गया है।
परीक्षा केंद्र पर बायोमैट्रिक सत्यापन, आइरिस स्कैन और फोटोग्राफी भी की जाएगी। इसलिए समय से पहले पहुंचना बेहद जरूरी है।
साथ ही उम्मीदवार केवल नीले या काले रंग का बॉल पेन, एडमिट कार्ड और आवश्यक पहचान पत्र ही साथ ले जा सकते हैं। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या अन्य किसी भी वस्तु को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
एक महत्वपूर्ण राहत की बात यह है कि यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल परीक्षा में गलत उत्तरों के लिए कोई निगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है। यानी अभ्यर्थी बिना किसी कटौती के डर के अधिक से अधिक प्रश्नों का प्रयास कर सकते हैं।
इसके अलावा परीक्षा समाप्त होने से पहले अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। कक्ष निरीक्षक की अनुमति के बिना कोई भी उम्मीदवार एग्जाम हॉल से बाहर नहीं जा सकेगा।
यदि परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की समस्या आती है तो अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट और हेल्पडेस्क की सहायता ले सकते हैं।
![]()

