छठ महापर्व से पहले दिल्ली में रहने वाले पूर्वांचल और बिहार के लाखों लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिल्ली सरकार ने बिहार के छह प्रमुख शहरों पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर के लिए नई अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है। इस योजना के तहत दिल्ली और बिहार सरकार सितंबर 2026 में एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर करेंगी, जिसके बाद दिवाली के तुरंत बाद और छठ महापर्व से पहले इस सेवा की औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी। दिल्ली सरकार के परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया कि इस नई बस सेवा का उद्देश्य त्योहारों के दौरान बिहार जाने वाले लाखों यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और किफायती यात्रा उपलब्ध कराना है। योजना के पहले चरण में करीब 70 नई बसें चलाई जाएंगी, जो दिल्ली और बिहार के इन छह प्रमुख शहरों के बीच नियमित रूप से संचालित होंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सेवा केवल छठ पर्व तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि पूरे वर्ष प्रतिदिन संचालित की जाएगी। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर भविष्य में बसों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। परिवहन मंत्री के अनुसार, इन रूटों पर सेमी-स्लीपर डीलक्स बसें चलाई जाएंगी, जो एसी और नॉन-एसी दोनों श्रेणियों में उपलब्ध होंगी। इस पहल से दिल्ली और बिहार के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी तथा प्रवासी श्रमिकों, छात्रों और अन्य यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी। सरकार का मानना है कि इस सेवा से त्योहारों के दौरान यात्रा अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित होगी। साथ ही निजी बस ऑपरेटरों द्वारा त्योहारों के समय मनमाने किराए वसूलने की समस्या पर भी अंकुश लगेगा। वर्तमान में बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन या निजी बसों पर निर्भर रहते हैं, जहां मांग बढ़ने पर किराए में भारी बढ़ोतरी देखने को मिलती है। नई सरकारी बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को उचित किराए पर यात्रा का विकल्प मिलेगा और दिल्ली सरकार के राजस्व में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इस फैसले को दिल्ली और बिहार के बीच यात्रा करने वाले लाखों लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, खासकर छठ जैसे बड़े पर्व के दौरान जब यात्रा का दबाव सबसे अधिक होता है।
![]()

