ग्लोबल स्टार प्रियंका चोपड़ा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। हॉलीवुड की चर्चित फिल्मों और वेब सीरीज में दमदार अभिनय के बाद अब प्रियंका ऑस्कर विजेता अभिनेता रसेल क्रो के साथ आगामी साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर ‘ब्लूफ्लाई (Bluefly)’ में नजर आएंगी। इस फिल्म की घोषणा के साथ ही प्रियंका के फैंस में उत्साह बढ़ गया है। अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर इस खबर की पुष्टि करते हुए लिखा, “अगले प्रोजेक्ट की ओर…”। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘ब्लूफ्लाई’ की कहानी अफ्रीका के कांगो के घने जंगलों पर आधारित है, जहां एक शोकग्रस्त संयुक्त राष्ट्र (UN) ट्रांसलेटर को एक बेहद गोपनीय ब्लैक-ऑप्स मिशन पर भेजा जाता है। मिशन का उद्देश्य एक ऐसे रहस्यमयी विमान को वापस लाना है, जिसका अस्तित्व ही दुनिया से छिपाया गया है। जैसे-जैसे स्पेशल ऑपरेशन्स टीम दुश्मन के कब्जे वाले इलाके में आगे बढ़ती है, मिशन और अधिक खतरनाक होता जाता है और उन्हें एहसास होता है कि जिस विमान को वापस लाने भेजा गया है, उसे शायद कभी वापस नहीं लाना चाहिए था। फिल्म की रहस्यमयी कहानी और हाई-ऑक्टेन एक्शन इसे हॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित परियोजनाओं में शामिल कर रहे हैं। रसेल क्रो, जिन्हें फिल्म ‘ग्लेडिएटर’ में निभाए गए मैक्सिमस के किरदार के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अकादमी पुरस्कार (ऑस्कर) मिला था, इस फिल्म में अहम भूमिका निभाएंगे। उनके साथ स्क्रीन साझा करना प्रियंका चोपड़ा के अंतरराष्ट्रीय करियर का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका हाल ही में ‘सिटाडेल 2’ और ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ में नजर आई थीं। इसके अलावा वह निर्देशक एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘वाराणसी’ में महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ मुख्य भूमिका निभाती दिखाई देंगी। यह फिल्म 7 अप्रैल 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। लगातार बड़े अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनकर प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर साबित कर रही हैं कि वह भारतीय कलाकारों को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाने वाली प्रमुख अभिनेत्रियों में शामिल हैं।
![]()

