लाइव सत्यकाम न्यूज, लखनऊ : सम्पूर्ण समाधान दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़, महापौर ने अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी, राजधानी लखनऊ के नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से आज लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ सभागार में ‘सम्पूर्ण समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर सुषमा खर्कवाल ने की। जनसुनवाई में न्याय की उम्मीद लेकर आए फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी।
महापौर ने न केवल आमजन की शिकायतें गंभीरता से सुनीं, बल्कि संबंधित अधिकारियों को मंच पर ही तलब कर जवाबदेही तय की। उन्होंने दो टूक कहा कि जनहित के कार्यों में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इन समस्याओं पर रहा मुख्य फोकस
सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों से आए नागरिकों ने अपनी बुनियादी समस्याएं प्रमुखता से रखीं, जिनमें शामिल हैं:
-
टैक्स विसंगतियां: हाउस टैक्स और जलकर के गलत बिलों में सुधार की मांग
-
सफाई व्यवस्था: वार्डों में नियमित कूड़ा उठान न होना और झाड़ू न लगने की शिकायत
-
निर्माण कार्य: जर्जर सड़कों, गलियों की मरम्मत और सीवर लाइन चोक होने की समस्या
-
अतिक्रमण: सार्वजनिक मार्गों पर बढ़ते अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
प्रशासनिक अमला रहा मौजूद
इस महत्वपूर्ण जनसुनवाई में नगर आयुक्त गौरव कुमार, सभी जोनल अधिकारी और अपर नगर आयुक्त उपस्थित रहे। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि जटिल मामलों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि “स्वच्छ और सुंदर लखनऊ” का सपना तभी साकार होगा, जब हर नागरिक की समस्या का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
![]()

