HomeFeatured Postचौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी ने दी श्रद्धांजलि, अखिलेश...

चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर समाजवादी पार्टी ने दी श्रद्धांजलि, अखिलेश यादव बोले – भाजपा सरकार में अन्नदाता उपेक्षित

लाइव सत्यकाम न्यूज,लखनऊ : समाजवादी पार्टी ने भारतरत्न पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 38वीं पुण्यतिथि पर गुरुवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में चरण सिंह को किसानों का मसीहा मानते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से राष्ट्रीय सचिव राजेन्द्र चौधरी ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया।अखिलेश यादव ने इस अवसर पर अपने संदेश में कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन भारतीयता और ग्रामीण परिवेश को समर्पित रहा। उन्होंने माना था कि भारत की प्रगति का मार्ग गांवों से होकर गुजरता है। चौधरी साहब का विचार था कि यदि ग्रामीण क्षेत्रों की क्रय शक्ति बढ़ेगी और उनकी समुचित उन्नति होगी, तभी देश सशक्त हो सकता है। उनके विचार आज भी समाज को नई प्रेरणा देते हैं।अखिलेश यादव ने यह भी दोहराया कि चौधरी साहब हमेशा इस बात के पक्षधर रहे कि किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिलना चाहिए और औद्योगीकरण की आड़ में कृषि क्षेत्र की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश में सामंती व्यवस्था को समाप्त करने के लिए साहसिक और निर्णायक प्रयास किए।भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब से केंद्र और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार आई है, किसानों की हालत बद से बदतर हो गई है। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा खोखला साबित हुआ है। भाजपा की नीतियां पूरी तरह किसान विरोधी हैं। अन्नदाता की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके विपरीत समाजवादी सरकार के दौरान किसानों की समृद्धि के लिए ठोस और प्रभावी नीतियां अपनाई गई थीं, जिनसे उनकी बुनियादी समस्याओं का समाधान हुआ।समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इनमें पूर्व राज्यसभा सांसद अरविन्द कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी रामवृक्ष सिंह यादव, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा, अनिल सिंह बीरू, डॉ. हरिश्चन्द्र, राधेश्याम सिंह और निर्मल सिंह सहित अनेक नेता शामिल थे। सभी ने चौधरी चरण सिंह के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular