भारत-ईरान तेल व्यापार फिर शुरू, 6 लाख बैरल तेल लेकर जहाज भारत के लिए रवाना
करीब पांच साल बाद भारत और ईरान के बीच कच्चे तेल का व्यापार फिर से शुरू होता नजर आ रहा है। ईरान का एक तेल टैंकर करीब 6 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर भारत के गुजरात स्थित वाडिनार बंदरगाह के लिए रवाना हो चुका है। जानकारी के मुताबिक यह जहाज अप्रैल के पहले सप्ताह में भारत पहुंच सकता है।
दरअसल अमेरिका ने हाल ही में समुद्र में मौजूद ईरानी तेल की खरीद पर 30 दिनों की अस्थायी छूट दी है। माना जा रहा है कि वैश्विक बाजार में बढ़ती तेल कीमतों को नियंत्रित करने के लिए यह छूट दी गई है। इसी छूट का फायदा उठाते हुए भारत के लिए यह तेल कार्गो भेजा गया है।
बताया जा रहा है कि यह तेल ईरान के खार्ग द्वीप से मार्च की शुरुआत में रवाना हुआ था और अब यह गुजरात के वाडिनार बंदरगाह पहुंचने वाला है। वाडिनार भारत का एक महत्वपूर्ण तेल बंदरगाह है, जहां नायरा एनर्जी की बड़ी रिफाइनरी मौजूद है। इसके अलावा यह बंदरगाह भारत पेट्रोलियम जैसी कंपनियों के लिए भी महत्वपूर्ण सप्लाई केंद्र है।
आपको बता दें कि साल 2018 में अमेरिका द्वारा ईरान पर कड़े प्रतिबंध लगाए जाने के बाद भारत ने मई 2019 से ईरान से तेल खरीदना बंद कर दिया था। इसके बाद भारत ने अपनी तेल जरूरतों के लिए रूस, अमेरिका और मध्य पूर्व के देशों से आयात बढ़ा दिया था।
हालांकि अब एक बार फिर ईरान से तेल की आपूर्ति शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। माना जा रहा है कि ईरान-इजराइल तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार पर दबाव है, जिसके चलते अमेरिका ने अस्थायी छूट दी है।
सबसे बड़ी चुनौती अभी भी भुगतान व्यवस्था को लेकर है, क्योंकि ईरान अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग सिस्टम SWIFT से बाहर है। ऐसे में भुगतान किस व्यवस्था से होगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल यह डील एक बार की है या आगे भी जारी रहेगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
लेकिन इतना तय है कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए हर विकल्प खुला रखे हुए है और ईरान से तेल आयात फिर शुरू होना एक बड़ा रणनीतिक कदम माना जा रहा है।
![]()

