राजस्थान की राजधानी जयपुर से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 12 वर्षीय एक बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना की वजह एक मामूली विवाद हो सकता है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हत्या के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक बच्चा और हिरासत में लिए गए तीनों नाबालिग एक ही इलाके के रहने वाले हैं। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि मृतक द्वारा कथित रूप से आरोपियों में से एक की बहन से कही गई किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। हिरासत में लिए गए बच्चों की उम्र लगभग 10 से 12 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
मामले का खुलासा उस समय हुआ जब बच्चे का शव सीवर से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, शव से सिर अलग मिला था, जिससे शुरुआत में धारदार हथियार से हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। हालांकि, शुरुआती जांच में शरीर पर किसी धारदार हथियार के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार किया जा रहा है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। जांच के दौरान 150 से अधिक लोगों से पूछताछ की गई है और घटनास्थल से जुड़े सभी तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच पूरी होने तक धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच और हिरासत में लिए गए नाबालिगों से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले की वास्तविक वजह और घटनाक्रम को सार्वजनिक किया जाएगा।
![]()

