धर्म नगरी Varanasi में स्थित Udai Pratap College में दिनदहाड़े एक छात्र की गोली मारकर हत्या से हड़कंप मच गया। बीए चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह (23) की कॉलेज कैंपस के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद कैंपस में हिंसा और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे सोशल साइंस फैकल्टी बिल्डिंग के गलियारे में आरोपी छात्र मनजीत चौहान ने सूर्य प्रताप सिंह पर करीब से फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने चार गोलियां चलाईं, जो सिर और सीने में लगीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और भागते समय पिस्तौल कूड़े के ढेर में फेंक दी, जिसे बाद में पुलिस ने बरामद कर लिया।
घायल छात्र को पहले मालदहिया के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, फिर उसे BHU Trauma Center रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पीड़ित के पिता ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि जब तक आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक वह अपने बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस दौरान पोस्टमार्टम हाउस पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।
इस हत्या के बाद गुस्साए छात्रों ने कॉलेज के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और तोड़फोड़ की। कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और कुछ शिक्षकों के साथ मारपीट की भी खबर है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
वाराणसी के पुलिस कमिश्नर Mohit Agarwal ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने मनजीत चौहान और उसके साथी अनुज ठाकुर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
यह घटना कॉलेज कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर रही है, क्योंकि कॉलेज के अंदर हथियार कैसे पहुंचा, यह जांच का बड़ा विषय बन गया है।
![]()

