तमिल फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता Jayam Ravi इन दिनों अपने तलाक विवाद को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। शनिवार को चेन्नई में आयोजित एक प्रेस मीट के दौरान अभिनेता बेहद भावुक नजर आए और बातचीत के दौरान उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस दौरान उन्होंने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि जब तक उनका तलाक कानूनी रूप से पूरा नहीं हो जाता, तब तक वे फिल्मों में एक्टिंग नहीं करेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जयम रवि ने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई मुद्दों पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से चल रहे विवाद और सोशल मीडिया पर हो रही साइबर बुलिंग ने उन्हें मानसिक और भावनात्मक रूप से काफी प्रभावित किया है। अभिनेता ने कहा कि फिलहाल उनकी मानसिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे फिल्मों पर ध्यान दे सकें।
केनीशा फ्रांसिस के साथ नाम जुड़ने पर दी सफाई
इस दौरान जयम रवि ने सिंगर और स्पिरिचुअल थेरेपिस्ट Kenishaa Francis के साथ अपने नाम को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से बेवजह इस मुद्दे को उछाला जा रहा है और उन्हें लगातार अपमान का सामना करना पड़ा है। अभिनेता ने आरोप लगाया कि उन्हें अपनी पत्नी और उनके परिवार की ओर से वर्षों तक मानसिक तनाव झेलना पड़ा।
बेटों से न मिलने देने का लगाया आरोप
जयम रवि ने अपने बेटों आरव और अयान को लेकर भी बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने बच्चों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। अभिनेता ने भावुक होते हुए कहा, “जब तक मेरा तलाक पूरा नहीं हो जाता, मैं एक्टिंग नहीं करूंगा। मेरी जिंदगी अभी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुकी है। जैसे ही यह विवाद और साइबर बुलिंग खत्म होगी, मैं फिर से फिल्मों में वापसी करूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि उनके बच्चों के साथ हमेशा बॉडीगार्ड रहते हैं और उन्हें अपने ही बेटों से मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जयम रवि ने यह भी खुलासा किया कि उन्होंने अपने माता-पिता की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी की थी और अब उसी फैसले की कीमत चुका रहे हैं।
अभिनेता ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि एक समय ऐसा आया था जब उन्होंने तनाव में अपनी कलाई काट ली थी, लेकिन इसके बावजूद अगले दिन शूटिंग पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि फिल्मों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता हमेशा मजबूत रही है।
पत्नी Aarti Ravi का सोशल मीडिया पर पलटवार
जयम रवि की प्रेस मीट के तुरंत बाद उनकी अलग रह रही पत्नी Aarti Ravi ने इंस्टाग्राम पर एक रहस्यमयी और कड़ा पोस्ट शेयर किया। आरती ने अपने पोस्ट में लिखा, “सोते हुए शेर को कभी नहीं जगाना चाहिए। और अगर वह शेरनी हो, तो भगवान ही बचाए।”
उन्होंने आगे लिखा कि उनकी गरिमापूर्ण चुप्पी को कमजोरी समझने की गलती कोई न करे। आरती ने संकेत दिए कि अगर जरूरत पड़ी तो वे अपने बच्चों और सम्मान की रक्षा के लिए खुलकर सामने आएंगी और पूरा सच दुनिया के सामने रखेंगी।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
जयम रवि और आरती रवि के इस सार्वजनिक विवाद के बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है। फैंस दोनों पक्षों को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। फिलहाल इस मामले में आगे क्या मोड़ आता है, इस पर सभी की नजरें बनी हुई हैं।
![]()

