फ्रांस के नीस शहर में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत और फ्रांस के मजबूत संबंधों को साझा विजन, भरोसे और नवाचार पर आधारित बताते हुए कहा कि यह मंच भारतीय स्टार्टअप्स और युवा प्रतिभाओं को वैश्विक पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि दुनिया के कई देश आपस में व्यापार और रणनीतिक साझेदारी करते हैं, लेकिन भारत और फ्रांस का रिश्ता केवल आपसी हितों तक सीमित नहीं है। यह संबंध साझा मूल्यों, विश्वास और भविष्य की समान सोच पर आधारित है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच वर्षों से मजबूत सहयोग रहा है, जिसने वैश्विक स्तर पर कई महत्वपूर्ण पहलों को जन्म दिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि इंटरनेशनल सोलर अलायंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सुरक्षा और सस्टेनेबिलिटी जैसे क्षेत्रों में भारत और फ्रांस ने मिलकर काम किया है। दोनों देशों का उद्देश्य मानवता के सामने मौजूद बड़ी चुनौतियों का समाधान खोजना और दुनिया को बेहतर भविष्य देना है। उन्होंने इस बात पर भी खुशी जताई कि इसी वर्ष फरवरी में शुरू हुए ‘भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर’ के बाद अब ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘भारत इनोवेट्स’ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि भारतीय प्रतिभा और यूरोपीय निवेश के बीच एक मजबूत पुल है। इस मंच के माध्यम से भारत के युवा उद्यमियों और स्टार्टअप्स को यूरोप के निवेशकों, विशेषज्ञों और उद्योग जगत से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं के पास विश्वस्तरीय विचार और समाधान हैं, जिन्हें वैश्विक मंच की आवश्यकता है और यह पहल उन नवाचारों को दुनिया तक पहुंचाने का काम करेगी।
राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि फ्रांस ने हमेशा भारत के साथ मिलकर 21वीं सदी की चुनौतियों का सामना करने की बात कही है। आज की यह पहल उसी सोच को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि भारत इस समय परिवर्तन के एक ऐतिहासिक दौर से गुजर रहा है और देश के गांवों से लेकर महानगरों तक स्टार्टअप संस्कृति तेजी से विकसित हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय युवाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी रचनात्मक सोच और नवाचार क्षमता भारत को वैश्विक नेतृत्व की ओर ले जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और फ्रांस का यह सहयोग आने वाले वर्षों में तकनीक, निवेश, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयों को छुएगा।
फिलहाल, ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम भारत और फ्रांस के संबंधों को नई दिशा देने के साथ-साथ भारतीय स्टार्टअप्स और नवाचारों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
![]()

