रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म “धुरंधर: द रिवेंज” का ट्रेलर रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है। रिलीज के कुछ ही घंटों के भीतर ट्रेलर को यूट्यूब पर करीब 1.9 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। करीब 3 मिनट 25 सेकंड का यह ट्रेलर हाई-ऑक्टेन एक्शन, सस्पेंस और थ्रिल से भरपूर है।
हालांकि ट्रेलर में सबसे ज्यादा चर्चा जिस बात को लेकर हो रही है, वह है अक्षय खन्ना की एक छोटी सी झलक। फैंस का दावा है कि ट्रेलर में दिखने वाला यह चेहरा फिल्म के पहले भाग के सबसे खतरनाक विलेन ‘रहमान डकैत’ का है।
फिल्म के पहले पार्ट में दिखाया गया था कि रणवीर सिंह के किरदार हमजा अली मजारी ने कराची के कुख्यात गैंगस्टर रहमान डकैत का नेटवर्क खत्म कर दिया था और उस किरदार की मौत हो गई थी। ऐसे में दूसरे भाग के ट्रेलर में उनकी मौजूदगी ने दर्शकों के बीच सस्पेंस बढ़ा दिया है।
ट्रेलर के एक खास सीन में, जब तेज रफ्तार एक्शन चल रहा होता है, तभी एक झलक में अक्षय खन्ना का किरदार कुर्सी पर बैठा हुआ नजर आता है। वह शांत भाव से अर्जुन रामपाल के किरदार मेजर इकबाल को देख रहा होता है। इस सीन को देखकर फैंस के बीच यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या रहमान डकैत सच में जिंदा है।
इसके अलावा ट्रेलर में रणवीर सिंह को अपनी डायरी में रहमान डकैत के नाम पर निशान लगाते हुए भी देखा जा सकता है, जिससे कहानी में एक नया रहस्य जुड़ जाता है।
फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर हमज़ा अली मज़ारी के दमदार किरदार में नजर आएंगे। ट्रेलर में उनके कई शानदार एक्शन सीक्वेंस देखने को मिलते हैं, जहां वह कराची के ल्यारी इलाके में दुश्मनों से भिड़ते दिखाई देते हैं।
इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है, जो अपनी फिल्मों में थ्रिल और सस्पेंस के लिए जाने जाते हैं। ट्रेलर देखकर अंदाजा लगाया जा रहा है कि इस बार कहानी पहले से भी ज्यादा रोमांचक होने वाली है।
‘धुरंधर: द रिवेंज’ 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त क्रेज देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के लिए 18 मार्च की शाम से पेड प्रिव्यू शो भी शुरू किए जा सकते हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या अक्षय खन्ना का किरदार सच में फिल्म में वापसी कर रहा है या फिर यह ट्रेलर का कोई बड़ा ट्विस्ट है। इसका जवाब फिल्म रिलीज होने के बाद ही मिल पाएगा।
![]()

