अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक इंटरव्यू के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की है। समाचार वेबसाइट एक्सियोस को दिए गए साक्षात्कार में ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को प्रभाव, ताकत और परिणाम देने की क्षमता के आधार पर दुनिया के अपने पसंदीदा नेताओं में शामिल किया।
जब ट्रंप से पूछा गया कि उनकी नजर में सबसे प्रभावशाली और परिणाम देने वाले नेता कौन हैं, तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम प्रमुखता से लिया। उन्होंने कहा कि मोदी एक महान नेता हैं और भारत के लिए लगातार मजबूत नेतृत्व प्रदान कर रहे हैं।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत से जुड़े कई सकारात्मक आंकड़े सामने आए हैं और प्रधानमंत्री मोदी एक समझदार रणनीतिक नेता हैं। उन्होंने कहा कि मोदी युद्ध से दूरी बनाए रखते हैं और यह एक बेहद समझदारी भरा फैसला है।
ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी करीब 1.5 अरब लोगों का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा देश है और इतने बड़े देश का नेतृत्व करना आसान काम नहीं है।
व्यापारिक संबंधों पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और भारत के बीच बड़े पैमाने पर व्यापार होता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि पहले भारत को व्यापार में ज्यादा फायदा मिलता था, लेकिन अब व्यापार पहले की तुलना में अधिक निष्पक्ष तरीके से हो रहा है।
ट्रंप ने कहा कि वह भारत को कई वर्षों से देख रहे हैं। उन्होंने याद किया कि पहले भारत में नेतृत्व में लगातार बदलाव होता रहता था। कोई नेता छह महीने तो कोई एक साल तक ही पद पर रहता था। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले 12 वर्षों से अधिक समय से लगातार मजबूत स्थिति में बने हुए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि मोदी बेहद शांत और संतुलित तरीके से काम करते हैं, लेकिन उन्हें शांत स्वभाव का नेता समझना गलत होगा क्योंकि वे बेहद सख्त फैसले लेने वाले व्यक्ति हैं।
ट्रंप ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व के कई ऐसे पहलुओं को करीब से जानने का मौका मिला है, जिनके बारे में वह पहले नहीं जानते थे। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में प्रधानमंत्री मोदी का काफी सम्मान किया जाता है।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग को लेकर भी ट्रंप ने सकारात्मक टिप्पणी की। उन्होंने उन्हें मजबूत कद और आत्मविश्वास वाला नेता बताया। इसके साथ ही उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि अगर इन दोनों नेताओं पर फिल्म बनाई जाए तो हॉलीवुड में ऐसा कोई अभिनेता नहीं मिलेगा जो उनकी भूमिका को पूरी तरह निभा सके।
जानकारी के मुताबिक, फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात भी हुई। दोनों नेताओं ने भारत और अमेरिका के बीच संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की।
ट्रंप ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक मुद्दों पर सहयोग लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में दोनों देशों के रिश्ते और मजबूत होंगे।
![]()

