हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय सहयोग को मजबूत करने के लिए भारत ने एक बार फिर अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने मालदीव की राजधानी माले में आयोजित कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की आठवीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार स्तर की बैठक में कहा कि समुद्र देशों को जोड़ने का माध्यम होना चाहिए, न कि उनके बीच विभाजन और तनाव का कारण। उन्होंने हिंद महासागर क्षेत्र के सभी देशों से साझा सुरक्षा और स्थिरता के लिए मिलकर काम करने की अपील की।
25 नवंबर को आयोजित इस बैठक में भारत के अलावा मालदीव, श्रीलंका, बांग्लादेश और मॉरीशस के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया, जबकि ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया अतिथि देशों के रूप में शामिल हुए। डोभाल ने कहा कि हिंद महासागर के तटीय देश एक साझा समुद्री क्षेत्र और हजारों वर्षों पुरानी सभ्यतागत विरासत से जुड़े हुए हैं। पिछली पीढ़ियों ने समुद्र के जरिए देशों और समुदायों को जोड़ने की परंपरा बनाई थी। अब आने वाली पीढ़ियों के लिए भी इस विरासत को बनाए रखना सभी देशों की जिम्मेदारी है।
डोभाल ने कहा कि कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की स्थापना नवंबर 2020 में हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा, स्थिरता और शांति सुनिश्चित करने के साझा उद्देश्य के साथ की गई थी। यह समूह अब एक संगठित क्षेत्रीय मंच के रूप में विकसित हो चुका है और आने वाले समय में इसकी भूमिका और महत्वपूर्ण हो सकती है।
उन्होंने भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और महासागर दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत सम्मेलन के सदस्य देशों के साथ मिलकर उभरती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए सामूहिक क्षमताओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि साझा उद्देश्यों को पूरा करने के लिए भारत आवश्यक सहयोग और सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास करेगा।
इस सम्मेलन का उद्देश्य केवल समुद्री सुरक्षा तक सीमित नहीं है। इसके तहत आतंकवाद और कट्टरपंथ से मुकाबला, मानव तस्करी तथा संगठित अपराध पर रोक, साइबर सुरक्षा, महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे की सुरक्षा और मानवीय सहायता जैसे मुद्दों पर भी सहयोग बढ़ाया जा रहा है।
बैठक के बाद सदस्य देशों ने 2026-27 के लिए सहयोग का नया रोडमैप भी अपनाया। इसमें समुद्री सुरक्षा सहित पांच प्रमुख क्षेत्रों में प्रशिक्षण, अनुभव साझा करने और क्षमता निर्माण से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। भारत के लिए हिंद महासागर क्षेत्र राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक समृद्धि और क्षेत्र के लोगों के हितों से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है। ऐसे में डोभाल का यह संदेश क्षेत्रीय देशों के बीच साझा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
![]()

