मशहूर रैपर और सिंगर Badshah इन दिनों अपने नए हरियाणवी गाने “Tateeree” को लेकर विवादों में घिर गए हैं। गाने के बोल और वीडियो पर आपत्ति जताते हुए हरियाणा राज्य महिला आयोग ने सख्त रुख अपनाया है।
महिला आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हरियाणा की बेटियों का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गाने में इस्तेमाल की गई भाषा महिलाओं की गरिमा के खिलाफ है और इसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।
रेनू भाटिया ने कहा कि बादशाह को 13 मार्च को आयोग के सामने पेश होने के लिए समन जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल माफी मांगने से मामला खत्म नहीं होगा और उन्हें आयोग के सामने आकर जवाब देना होगा।
इस बीच, इस विवाद को लेकर बादशाह के खिलाफ FIR भी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह खुद हरियाणा से हैं और उनका कभी भी हरियाणा की महिलाओं या बच्चों का अपमान करने का इरादा नहीं था। उन्होंने यह भी दावा किया कि विवाद के बाद उन्होंने इस गाने को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है।
दरअसल, गाने के कुछ बोल और वीडियो के कुछ दृश्यों को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि गाने में इस्तेमाल की गई भाषा आपत्तिजनक है और इससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचती है।
अब यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है और देखना होगा कि आने वाले दिनों में इस विवाद पर क्या कार्रवाई होती है।
![]()

