सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड यानी RSSB ने सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर और बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के कुल 3950 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अगर आप आईटी, कंप्यूटर साइंस या संबंधित तकनीकी क्षेत्र से जुड़े हैं, तो यह आपके लिए सरकारी नौकरी पाने का शानदार अवसर हो सकता है।
इस भर्ती अभियान के तहत सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर और बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर के पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार राजस्थान के SSO पोर्टल के माध्यम से अपना आवेदन जमा कर सकते हैं।
अगर शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सीनियर कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर पद के लिए उम्मीदवार के पास कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन या संबंधित विषय में एमटेक की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा एमएससी कंप्यूटर साइंस, एमसीए, बी लेवल या सी लेवल योग्यता रखने वाले उम्मीदवार भी आवेदन के पात्र हैं।
वहीं बेसिक कंप्यूटर इंस्ट्रक्टर पद के लिए अभ्यर्थी के पास ग्रेजुएशन के साथ ए लेवल या पीजीडीसीए होना चाहिए। इसके अलावा बीई, बीटेक, बीसीए, बीएससी कंप्यूटर साइंस, आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स से संबंधित विभिन्न इंजीनियरिंग डिग्री धारक उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं।
दोनों पदों के लिए उम्मीदवारों को देवनागरी लिपि में हिंदी का व्यावहारिक ज्ञान और राजस्थान की संस्कृति की जानकारी होना भी आवश्यक है।
अब जानते हैं आवेदन की प्रक्रिया।
सबसे पहले उम्मीदवार राजस्थान के एसएसओ पोर्टल पर जाएं। वहां Recruitment Portal का चयन करें और Apply Now पर क्लिक करें। यदि आपने पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन यानी OTR नहीं किया है, तो सबसे पहले उसे पूरा करें।
ओटीआर के दौरान उम्मीदवारों को अपना नाम, माता-पिता का नाम, श्रेणी, राज्य और अन्य आवश्यक जानकारी भरनी होगी। ध्यान रखें कि यही जानकारी आगे आवेदन पत्र में स्वतः दिखाई देगी, इसलिए सभी विवरण सावधानीपूर्वक भरें।
ओटीआर पूरा होने के बाद आपकी एसएसओ आईडी बन जाएगी। इसके बाद दोबारा लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरें। मांगी गई सभी जानकारी अपने दस्तावेजों के अनुसार सही-सही दर्ज करें।
इसके बाद पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज निर्धारित आकार में अपलोड करें। सभी जानकारी की जांच करने के बाद आवेदन शुल्क जमा करें और फॉर्म को अंतिम रूप से सबमिट कर दें।
फॉर्म सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट अपने पास सुरक्षित जरूर रखें ताकि भविष्य में किसी भी आवश्यकता के समय उसका उपयोग किया जा सके।
यदि आप लंबे समय से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और कंप्यूटर या आईटी क्षेत्र से जुड़े हैं, तो यह भर्ती आपके करियर के लिए बेहतरीन अवसर साबित हो सकती है।
![]()

