यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन 8, 9 और 10 जून को किया गया है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। यदि उम्मीदवार इन नियमों का पालन नहीं करते हैं तो उन्हें परीक्षा केंद्र में प्रवेश से वंचित किया जा सकता है।
एडमिट कार्ड और आधार कार्ड है अनिवार्य
परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए उम्मीदवारों को अपना एडमिट कार्ड और मूल आधार कार्ड साथ लेकर जाना जरूरी है। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के दौरान आधार कार्ड का विवरण नहीं दिया था, वे पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध फोटोयुक्त सरकारी पहचान पत्र का उपयोग कर सकते हैं। बिना वैध पहचान पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।
परीक्षा केंद्र पर होंगे बायोमेट्रिक सत्यापन
उम्मीदवारों की परीक्षा केंद्र पर बायोमेट्रिक जांच, आइरिस स्कैन और फोटोग्राफी की जाएगी। आधार कार्ड का मिलान अभ्यर्थी की पहचान से किया जाएगा। यदि पहचान में कोई विसंगति पाई जाती है तो परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
परीक्षा हॉल में इन चीजों पर है प्रतिबंध
अभ्यर्थी केवल एडमिट कार्ड, फोटो आईडी और पारदर्शी नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन ही साथ ले जा सकते हैं। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, ईयरफोन, कैलकुलेटर, किताबें, नोट्स, कागज के टुकड़े, बैग, बटुआ और किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक वस्तु पूरी तरह प्रतिबंधित है।
इसके अलावा खाने-पीने की सामग्री और पानी की बोतल ले जाने की भी अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केंद्रों पर सामान रखने के लिए लॉकर की व्यवस्था नहीं है, इसलिए कीमती सामान घर पर ही छोड़कर जाएं।
OMR शीट भरते समय रखें विशेष सावधानी
परीक्षा ऑफलाइन OMR आधारित होगी। उत्तर पत्रक भरने के लिए केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन का ही प्रयोग करें। व्हाइटनर, इरेजर, ब्लेड या किसी अन्य सुधार सामग्री का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित है। OMR शीट में किसी भी प्रकार की गलती के लिए अभ्यर्थी स्वयं जिम्मेदार होंगे।
जानिए परीक्षा पैटर्न
यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक एवं मानसिक योग्यता तथा तार्किक क्षमता से संबंधित होंगे। परीक्षा की अवधि 120 मिनट यानी 2 घंटे होगी।
प्रत्येक सही उत्तर के लिए 2 अंक दिए जाएंगे। वहीं हर गलत उत्तर पर 0.5 अंक की नेगेटिव मार्किंग की जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को बिना जानकारी के तुक्का लगाने से बचने की सलाह दी गई है।
अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण सलाह
परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से पहले पहुंचें, सभी दस्तावेज साथ रखें और परीक्षा के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। छोटी सी लापरवाही भी आपकी मेहनत पर पानी फेर सकती है। इसलिए सभी नियमों को ध्यान से पढ़कर ही परीक्षा केंद्र जाएं।
![]()

