प्रयागराज/लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने बढ़ती महंगाई और एलपीजी सिलेंडर की कीमतों को लेकर सरकार को घेरते हुए एलपीजी को ‘लापता गैस’ करार दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने एलपीजी का नया नाम ‘लापता गैस’ रख दिया है क्योंकि यह आम लोगों की पहुंच से दूर होती जा रही है।
अखिलेश यादव ने पश्चिम एशिया के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की विदेश नीति की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अगर भारत सरकार समय रहते ईरान और अमेरिका के बीच कूटनीतिक प्रयास करती, तो इतना बड़ा नुकसान और जानमाल की हानि नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ‘मेक इन इंडिया’ जैसे नारों से जनता को गुमराह कर रही है।
इसी दिन अखिलेश यादव महाराष्ट्र में आयोजित एक इफ्तार कार्यक्रम में भी शामिल हुए, जहां शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत और सपा नेता अबू आज़मी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी नेताओं ने “हम सब एक हैं” का संदेश दिया। अखिलेश यादव ने कहा कि भारत की पहचान आपसी भाईचारे और एक-दूसरे के त्योहारों में शामिल होने की परंपरा से है।
इफ्तार कार्यक्रम में अबू आज़मी ने धर्मांतरण विरोधी विधेयक को लेकर भी अपनी बात रखी और कहा कि देश का संविधान सभी धर्मों को समान अधिकार देता है और धर्म के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए।
![]()

