लखनऊ। जिलाधिकारी श्री विशाख की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जनगणना-2027 की तैयारियों की समीक्षा बैठक एवं चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी जनगणना को निर्धारित समय-सीमा में सफलतापूर्वक संपन्न कराना रहा।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी ने जनगणना-2027 के लिए विकसित डिजिटल टूल्स, जैसे CMMS पोर्टल और HLBC, का लाइव डेमो देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी संबंधित कर्मचारी इन डिजिटल प्रणालियों में दक्षता हासिल करें, ताकि कार्य को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
प्रशिक्षण सत्र में बताया गया कि जनगणना का प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना—22 मई से 20 जून 2026 के बीच पूरा किया जाएगा। विशेष रूप से शहरी क्षेत्रों और नगर निगम में हाउसलिस्टिंग ब्लॉक (HLB) के गठन के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सर्वेक्षण के समय किसी भी प्रकार की छूट या दोहराव (डुप्लीकेशन) नहीं होना चाहिए।
प्रशिक्षण का संचालन अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनगणना निदेशालय की टीम ने डिजिटल टूल्स के उपयोग पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में संयुक्त निदेशक श्री ए. के. सिंह सोमवंशी, सहायक निदेशक श्रीमती उपासना, श्री कुमार सत्यम, सांख्यिकीय अन्वेषक श्री रमेश कुमार पाण्डेय तथा सहायक अनुसंधान अधिकारी श्री आनंद कुमार सहित कई अधिकारियों ने तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डाला।
बैठक में जनपद की सभी तहसीलों के चार्ज अधिकारी, तहसीलदार, अधिशासी अधिकारी, नगर निगम के जोनल अधिकारी तथा उनके सहायक अधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
![]()

