फीफा विश्व कप 2026 शुरू होने से पहले फुटबॉल जगत में बड़े फैसलों और राजनीतिक घटनाक्रमों ने चर्चा तेज कर दी है। एक तरफ मेक्सिको ने ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को लेकर बड़ा फैसला लिया है, वहीं दूसरी ओर Spain national football team ने अपने विश्व कप दल का ऐलान कर सभी को चौंका दिया है। स्पेन की टीम में इस बार Real Madrid के किसी भी खिलाड़ी को जगह नहीं मिली है।
मेक्सिको की राष्ट्रपति Claudia Sheinbaum ने सोमवार को कहा कि उनकी सरकार ने ईरान की फुटबॉल टीम को विश्व कप के दौरान मेक्सिको में रहने की अनुमति देने पर सहमति जताई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फीफा ने मेक्सिको सरकार से संपर्क किया था क्योंकि अमेरिका ईरान की टीम को पूरे टूर्नामेंट के दौरान अपने देश में ठहराने के पक्ष में नहीं था।
गौरतलब है कि Iran national football team को अपने सभी ग्रुप मुकाबले अमेरिका में खेलने हैं, लेकिन इसके बावजूद टीम की मेजबानी को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस फैसले के बाद खेल और अंतरराष्ट्रीय राजनीति दोनों स्तर पर नई बहस शुरू हो गई है।
उधर स्पेन के मुख्य कोच Luis de la Fuente ने विश्व कप के लिए 26 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम में युवा स्टार Lamine Yamal को प्रमुख जिम्मेदारी दी गई है। यूरो 2024 में शानदार प्रदर्शन करने वाले यामाल इस बार भी स्पेन की सबसे बड़ी उम्मीद माने जा रहे हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि स्पेन की अंतिम टीम में रियल मैड्रिड का कोई भी खिलाड़ी शामिल नहीं है। दानी कार्वाजाल और डीन हुइसेन जैसे खिलाड़ियों को बाहर रखा गया है। वहीं चोट के कारण बार्सिलोना के फर्मिन लोपेज भी टीम में जगह नहीं बना सके।
स्पेन ने 2022 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन किया था और टीम अंतिम 16 चरण से बाहर हो गई थी। हालांकि उसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए यूरो 2024 का खिताब अपने नाम किया। इसी वजह से इस बार भी स्पेन को विश्व कप जीतने का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
स्पेन अपना पहला मुकाबला 15 जून को केप वर्डे के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद टीम का सामना सऊदी अरब और उरुग्वे से होगा। कोच लुइस दे ला फुएंते ने कहा कि लामिन यामाल, निको विलियम्स और मिकेल मेरिनो की फिटनेस को लेकर कोई गंभीर चिंता नहीं है और उम्मीद है कि सभी खिलाड़ी पहले मैच तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे।
टीम में गोलकीपर के तौर पर उनाई सिमोन, डेविड राया और जोआन गार्सिया को चुना गया है। वहीं मिडफील्ड में रोड्री, पेड्री, गावी और फाबियान रूइज जैसे खिलाड़ी टीम की ताकत होंगे। आक्रमण की जिम्मेदारी लामिन यामाल, निको विलियम्स, दानी ओल्मो और फेरान टोरेस संभालेंगे।
स्पेन विश्व कप से पहले इराक और पेरू के खिलाफ अभ्यास मैच भी खेलेगा। कोच ने साफ कहा कि टीम में युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया गया है और नई पीढ़ी अब बड़े मंच पर जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार है।
![]()

