दिल्ली में फर्जी डिग्री और मार्कशीट बनाने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। Delhi Police ने दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के Govindpuri इलाके में छापेमारी कर इस रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस ने इस कार्रवाई में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर एक फर्जी संस्थान के नाम पर नौकरी चाहने वालों को जाली डिग्री और मार्कशीट बेच रहे थे। यह गिरोह “महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंस एंड टेक्नोलॉजी” नाम से फर्जी संस्थान चलाकर लोगों को ठग रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में सामान बरामद किया, जिसमें नकदी, मोबाइल फोन, लैपटॉप, प्रिंटर और बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज शामिल हैं। इसके अलावा, पीड़ितों का डेटा भी जब्त किया गया है, जिससे संकेत मिलता है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को फैकल्टी मेंबर बताकर लोगों से संपर्क करते थे और फोन कॉल तथा मैसेजिंग प्लेटफॉर्म के जरिए उन्हें फर्जी डिग्री दिलाने का झांसा देते थे। इसके लिए वे जॉब पोर्टल्स से लोगों का डेटा इकट्ठा करते थे और व्हाट्सएप के माध्यम से फर्जी मार्कशीट भेजते थे।
इस कार्रवाई का नेतृत्व अतिरिक्त डीसीपी स्तर के अधिकारियों की निगरानी में किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट का नेटवर्क कितने राज्यों तक फैला हुआ है।
![]()

