तमिलनाडु के चर्चित करूर भगदड़ कांड की जांच तेज हो गई है। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अभिनेता और तमिझगा वेत्री कड़गम (TVK) प्रमुख विजय को एक बार फिर समन जारी किया है। एजेंसी ने उन्हें 15 मार्च 2026 को दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय में पेश होने का निर्देश दिया है।
यह मामला सितंबर 2025 में तमिलनाडु के करूर में विजय की एक रैली के दौरान हुई भगदड़ से जुड़ा है। इस दर्दनाक घटना में 41 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए थे।
जानकारी के अनुसार सीबीआई इससे पहले जनवरी में अभिनेता विजय से दो बार पूछताछ कर चुकी है। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें 9 मार्च को फिर से तलब किया था, लेकिन विजय ने राजनीतिक व्यस्तताओं का हवाला देते हुए पूछताछ को 15 दिनों के लिए टालने का अनुरोध किया था।
अधिकारियों के मुताबिक विजय ने यह भी आग्रह किया था कि पूछताछ चेन्नई या तमिलनाडु के किसी कार्यालय में की जाए, क्योंकि आगामी विधानसभा चुनावों के कारण वह व्यस्त हैं। हालांकि सीबीआई ने उन्हें अब दिल्ली में पेश होने का निर्देश दिया है।
इस मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी ने द्रमुक विधायक सेंथिल बालाजी को भी पूछताछ के लिए तलब किया है। उन्हें 17 मार्च को सीबीआई के सामने पेश होने को कहा गया है। बालाजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि वह जांच एजेंसी के सामने पेश होकर अपना पक्ष रखेंगे।
गौरतलब है कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के बाद सीबीआई ने इस मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। इससे पहले इस मामले की जांच राज्य की विशेष जांच टीम (SIT) कर रही थी।
सीबीआई अब करूर रैली के दौरान हुई भगदड़ के कारणों और संभावित लापरवाही से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एजेंसी घटना से जुड़े सबूतों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका का पता लगाने की कोशिश में जुटी है।
इस मामले को लेकर तमिलनाडु की राजनीति और फिल्म जगत दोनों में हलचल बनी हुई है। आने वाले दिनों में सीबीआई की पूछताछ से इस मामले में और कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
![]()

