प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने यूरोप दौरे के अगले चरण में रविवार को स्वीडन पहुंच गए, जहां उनका बेहद भव्य और ऐतिहासिक स्वागत किया गया। जैसे ही पीएम मोदी का विमान स्वीडन की हवाई सीमा में दाखिल हुआ, स्वीडिश वायुसेना के आधुनिक Gripen Fighter Jets ने उनके विमान को चारों ओर से एस्कॉर्ट किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी विदेशी नेता को इस तरह की सुरक्षा और सम्मान देना विशेष कूटनीतिक महत्व रखता है।
स्वीडन पहुंचने पर गुटेनबर्ग एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करने के लिए स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन स्वयं मौजूद रहे। पीएम मोदी के विमान से उतरते ही दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और गले लगकर एक-दूसरे का स्वागत किया। इस दौरान एयरपोर्ट पर भारतीय समुदाय के लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 और 18 मई को स्वीडन के दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर हैं। यह यात्रा स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन के विशेष निमंत्रण पर हो रही है। इस महत्वपूर्ण दौरे का मुख्य उद्देश्य भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक और सप्लाई चेन जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करना है।
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार वर्ष 2025 में करीब 7.75 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच चुका है। अब इस दौरे के दौरान ग्रीन टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, स्टार्टअप, उभरती तकनीक, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष और जलवायु परिवर्तन जैसे अहम क्षेत्रों में नई साझेदारी पर चर्चा होगी। भारत और स्वीडन दोनों ही देशों की कोशिश है कि भविष्य की तकनीकों और उद्योगों में मिलकर काम किया जाए।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी, स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टर्सन और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन के साथ मिलकर ‘European Round Table for Industry’ कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे। इस मंच को यूरोप की बड़ी कंपनियों और उद्योग जगत के प्रभावशाली समूहों में गिना जाता है। माना जा रहा है कि इस बैठक से भारत और यूरोप के बीच आर्थिक और औद्योगिक संबंधों को नई दिशा मिल सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी वर्ष 2018 में पहले भारत-नॉर्डिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए स्वीडन गए थे। इस बार का दौरा दोनों देशों के रिश्तों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
वहीं जिन Gripen Fighter Jets ने आसमान में पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया, उन्हें स्वीडन की प्रसिद्ध रक्षा कंपनी Saab ने तैयार किया है। ये चौथी पीढ़ी के आधुनिक मल्टी-रोल लड़ाकू विमान हैं, जो अपनी तेज गति, कम लागत और अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध प्रणाली के लिए दुनियाभर में मशहूर हैं।
Gripen Jets हवा से हवा में लड़ाई, जासूसी मिशन और सटीक बमबारी जैसे अभियानों को अंजाम देने में सक्षम हैं। इनमें आधुनिक रडार सिस्टम, फ्लाई-बाय-वायर कंट्रोल और डेल्टा विंग तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। खास बात यह है कि युद्ध जैसी परिस्थितियों में भी इन विमानों का इंजन बेहद कम समय में बदला जा सकता है।
![]()

