सर्दियों के मौसम में खांसी-जुकाम होना आम बात है। ज्यादातर लोगों में कुछ दिनों के भीतर सर्दी-जुकाम ठीक हो जाता है, लेकिन कई बार संक्रमण खत्म होने के बाद भी खांसी लंबे समय तक बनी रहती है। ऐसे में लोग राहत पाने के लिए बार-बार कफ सिरप का इस्तेमाल करने लगते हैं। हालांकि, डॉक्टरों का कहना है कि बिना चिकित्सकीय सलाह के लगातार कफ सिरप लेना सही नहीं है। इसके पीछे कई वजह हो सकती हैं, जिन्हें समझना जरूरी है।
दिल्ली के आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग में डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, कई बार वायरल संक्रमण ठीक होने के बाद भी सांस की नलियों में सूजन बनी रहती है। इस वजह से व्यक्ति को लगातार खांसी की समस्या हो सकती है। खास बात यह है कि इस दौरान धूल, धुआं और ठंडी हवा के संपर्क में आने से भी खांसी शुरू हो सकती है।
डॉक्टरों के मुताबिक, वायरल संक्रमण के बाद होने वाली खांसी आमतौर पर तीन से चार सप्ताह तक बनी रह सकती है। हालांकि, धीरे-धीरे इसमें सुधार होने लगता है। कई लोगों को ऐसा लगता है कि सर्दी-जुकाम ठीक होने के बावजूद खांसी बनी हुई है, इसलिए उन्हें दोबारा दवा लेने की जरूरत है। लेकिन हर बार ऐसा करना जरूरी नहीं होता।
डॉ. सुभाष गिरि बताते हैं कि अगर खांसी वायरल संक्रमण के बाद सांस की नलियों में बनी सूजन के कारण हो रही है, तो सामान्य कफ सिरप से विशेष फायदा नहीं मिलता। इसलिए बार-बार कफ सिरप लेने के बजाय खांसी की असली वजह समझना जरूरी है। बिना डॉक्टर की सलाह के दवाओं का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
अगर खांसी के साथ सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द, तेज बुखार या खून आने जैसी समस्या हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। वहीं, यदि तीन से चार सप्ताह बाद भी खांसी ठीक नहीं हो रही है या लगातार बढ़ रही है, तो चिकित्सकीय जांच कराना जरूरी है। लंबे समय तक रहने वाली खांसी के पीछे एलर्जी, अस्थमा या अन्य श्वसन संबंधी समस्याएं भी हो सकती हैं।
सर्दियों में खांसी से बचने के लिए धूल और धुएं से दूरी बनाए रखें। ठंडी हवा में निकलते समय मुंह और नाक को ढकें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। सबसे जरूरी बात यह है कि खांसी को सामान्य समझकर नजरअंदाज न करें और बिना चिकित्सकीय सलाह के बार-बार कफ सिरप का सेवन न करें।
![]()

