लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को सदन के भीतर और बाहर विपक्ष के जोरदार विरोध प्रदर्शन के कारण राजनीतिक माहौल गरमा गया। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायकों ने अयोध्या में कथित चंदा चोरी समेत विभिन्न जनहित और प्रदेश से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा परिसर में करीब एक घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
धरना-प्रदर्शन के बाद सपा विधायक सदन की कार्यवाही शुरू होने पर हाथों में प्लेकार्ड लेकर विधानसभा के वेल में पहुंच गए। विपक्षी सदस्यों ने लगातार नारेबाजी करते हुए सरकार से जवाब की मांग की, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित हो गई।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने सदन की कार्यवाही के दौरान प्लेकार्ड लहराने और वेल में आकर प्रदर्शन करने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने विपक्षी सदस्यों से संसदीय परंपराओं का पालन करने और अपनी बात नियमों के तहत रखने की अपील की।
हालांकि, विपक्ष के हंगामे के चलते सदन में सामान्य कार्यवाही संचालित नहीं हो सकी। लगातार व्यवधान को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही दोपहर 1:00 बजे तक स्थगित कर दी।
मानसून सत्र के दूसरे दिन हुए इस घटनाक्रम ने विधानसभा की कार्यवाही को प्रभावित किया और प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सरकार और विपक्ष के बीच विभिन्न मुद्दों पर टकराव के चलते आगामी कार्यवाही भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
![]()

