लखनऊ में आयोजित फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट (हृदयम)’ की स्पेशल स्क्रीनिंग उस समय खास बन गई, जब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath, राज्यपाल Anandiben Patel और यूपी कैबिनेट के कई मंत्री एक साथ फिल्म देखने पहुंचे। लोकभवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नेता, अधिकारी और फिल्म से जुड़े कलाकार मौजूद रहे।
फिल्म की स्क्रीनिंग योगी सरकार के आठ नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद आयोजित की गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगली पंक्ति में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के साथ बैठे नजर आए। उनके साथ डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और संगठन महामंत्री धरमपाल भी मौजूद रहे।
इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि ‘कृष्णावतारम’ फिल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जीवन और भारतीय संस्कृति को दर्शाने वाली यह फिल्म समाज को प्रेरित करने का कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति, इतिहास और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में सिनेमा की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने फिल्म निर्माताओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की और फिल्में बननी चाहिए, जो भारतीय सभ्यता और संस्कृति को भव्य तरीके से प्रस्तुत करें।
फिल्म के निर्देशक हार्दिक गज्जर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात को विशेष बताया। उन्होंने कहा कि यूपी सरकार ने कृष्ण जन्मभूमि पर शूटिंग की अनुमति देकर फिल्म निर्माण में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। निर्देशक ने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार भी व्यक्त किया।
वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने फिल्म की तारीफ करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने पूरी दुनिया को प्रेम, सत्य और धर्म का संदेश दिया था। यह फिल्म भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाने में सफल होगी और युवाओं को सकारात्मक प्रेरणा देगी।
फिल्म ‘कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट’ इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर आधारित यह फिल्म दर्शकों के बीच खास आकर्षण पैदा कर रही है। अब यूपी में टैक्स फ्री होने के बाद फिल्म को और बड़ा दर्शक वर्ग मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
![]()

