मौसम बदलने के साथ सर्दी, खांसी और जुकाम के मामले तेजी से बढ़ने लगते हैं। ऐसे में कई लोग बिना डॉक्टर की सलाह के मेडिकल स्टोर से दवाएं, खासकर एंटीबायोटिक, खरीदकर खाना शुरू कर देते हैं। लेकिन स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि सामान्य जुकाम (Common Cold) ज्यादातर वायरस के कारण होता है, इसलिए हर बार दवा या एंटीबायोटिक लेना जरूरी नहीं होता।
क्या जुकाम में दवा लेना जरूरी है?
लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज एवं एसोसिएट हॉस्पिटल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. एल. एच. घोटेकर के अनुसार, सामान्य जुकाम में शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली (इम्यूनिटी) कुछ दिनों के भीतर वायरस से खुद लड़कर संक्रमण को नियंत्रित कर लेती है। अधिकांश लोगों में जुकाम 2 से 4 दिनों के भीतर अपने आप ठीक होने लगता है।
एंटीबायोटिक क्यों नहीं करनी चाहिए?
विशेषज्ञों के अनुसार, एंटीबायोटिक दवाएं केवल बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण पर असर करती हैं। चूंकि सामान्य जुकाम अधिकतर वायरस की वजह से होता है, इसलिए बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक लेने से कोई विशेष फायदा नहीं होता। इसके विपरीत, अनावश्यक एंटीबायोटिक का उपयोग भविष्य में एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस जैसी गंभीर समस्या पैदा कर सकता है।
कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए?
यदि जुकाम के साथ निम्न लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए—
तेज या लगातार बुखार
पीले या हरे रंग का अधिक बलगम
सांस लेने में तकलीफ
लक्षण कई दिनों तक बने रहना या लगातार बढ़ना
बुजुर्ग, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं या कमजोर प्रतिरक्षा वाले लोगों में गंभीर लक्षण
ऐसी स्थिति में डॉक्टर जांच के बाद आवश्यक दवा या उपचार की सलाह दे सकते हैं।
जुकाम में जल्दी राहत पाने के उपाय
पर्याप्त आराम करें।
दिनभर पर्याप्त पानी और अन्य तरल पदार्थ पिएं।
पौष्टिक भोजन लें।
जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह से बुखार या दर्द कम करने की दवा लें।
बिना सलाह के एंटीबायोटिक या अन्य दवाओं का सेवन न करें।
सामान्य जुकाम अधिकांश मामलों में अपने आप ठीक हो जाता है। यदि लक्षण गंभीर हों या लंबे समय तक बने रहें, तो स्वयं दवा लेने के बजाय योग्य डॉक्टर से सलाह लेना सबसे सुरक्षित विकल्प है।
![]()

